जामताड़ा एसपी ने किया नारायणपुर थाना का वार्षिक निरीक्षण, अपराध नियंत्रण को लेकर दिए कड़े निर्देश।
जामताड़ा (झारखण्ड) : पुलिस अधीक्षक शंम्भु कुमार सिंह ने रविवार को वार्षिक निरीक्षण कार्यक्रम के तहत नारायणपुर थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई से लेकर अभिलेखों के रख-रखाव तक हर बिंदु की बारीकी से पड़ताल की।
एसपी ने थाना में संधारित सभी संचिकाओं, पंजियों और अभिलेखों की गहन जांच की। लंबित कांडों, वारंट और कुर्की जब्ती के मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए। अभिलेखों में पाई गई त्रुटियों को तत्काल सुधारने और उन्हें अद्यतन रखने पर जोर दिया गया।
निरीक्षण के क्रम में थाना पर मौजूद चौकीदारों की परेड ली गई। एसपी ने उनसे बीट क्षेत्र के अपराधियों और उनकी गतिविधियों की जानकारी ली। सभी चौकीदारों को अपने-अपने क्षेत्र में असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने का निर्देश दिया।
नारायणपुर क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए एसपी ने थाना प्रभारी को नियमित वाहन जांच अभियान और सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी बकरीद और मुहर्रम पर्व-2026 को लेकर संवेदनशील स्थलों को चिह्नित कर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
एसपी ने थाने के सभी पुलिस पदाधिकारियों को अपराध नियंत्रण की दिशा में सघन गश्त करने और आदतन अपराधियों के खिलाफ विशेष निगरानी अभियान चलाने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विधि-व्यवस्था संधारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इस मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वसीम रजा, पुलिस निरीक्षक रविन्द्र नाथ यादव, नारायणपुर थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक मुराद हसन सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।