Updates
☀ WEATHER
Loading weather...

एसएसपी प्रभात कुमार की विशेष पहल से वर्षों से अटकी न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ी

Due to the special initiative of SSP Prabhat Kumar, the judicial process which was stuck for years moved forward.

धनबाद पुलिस की बड़ी उपलब्धि, मई माह में 1250 लंबित कांडों का चार्जशीट और अंतिम प्रतिवेदन कोर्ट में जमा

लगभग तीन दशक पुराने मामलों को मिली रफ्तार, वर्ष 1998 और 1999 के कांड की भी रिपोर्ट न्यायालय में प्रस्तुत

पुराने मामलों के निष्पादन के लिए अभियान जारी, पीड़ितों को जल्द न्याय दिलाने पर पुलिस का जोर

धनबाद (झारखंड) : जिले के विभिन्न थानो में वर्षों से लंबित पड़े मामलों के निष्पादन को लेकर धनबाद पुलिस ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिले में ऐसे अनेक आपराधिक मामले लंबे समय से लंबित थे, जिनमें अनुसंधान पूर्ण होने के बावजूद चार्जशीट अथवा अंतिम प्रतिवेदन किसी न किसी कारणवश न्यायालय में प्रस्तुत नहीं किया जा सका था। परिणामस्वरूप इन मामलों में ट्रायल प्रारंभ नहीं हो पा रहा था और पीड़ित पक्ष को न्याय मिलने में लगातार विलंब हो रहा था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने जिले के सभी लंबित मामलों की विशेष समीक्षा कर ऐसे मुकदमों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का निर्देश दिया। एसएसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। जिसमें अभियोजन शाखा प्रभारी मुकेश चौधरी एवं एसआई रजनीकांत समेत अन्य पदाधिकारी शामिल हैं। अभियान की निगरानी पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय 2 नाजिर अख्तर द्वारा की जा रही है।

जिसे विभिन्न थानों में वर्षों से लंबित पड़े मामलों की फाइलों की समीक्षा कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शीघ्र चार्जशीट अथवा अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय में प्रस्तुत कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

गठित टीम ने जिले के अलग-अलग थानों में लंबित मामलों की फाइलों की गहन जांच की। समीक्षा के दौरान पाया गया कि कई मामलों में अनुसंधान पूरा हो चुका था, लेकिन तकनीकी, प्रशासनिक अथवा प्रक्रियागत कारणों से चार्जशीट वर्षों तक न्यायालय में जमा नहीं हो सकी थी। वहीं कुछ मामलों में दस्तावेजों के सत्यापन, केस डायरी के संकलन, अभिलेखों की कमी तथा अन्य औपचारिकताओं के कारण भी देरी हुई थी। विशेष टीम ने इन सभी कमियों को दूर कर तेजी से कार्रवाई शुरू की।

एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देशानुसार चलाए गए विशेष अभियान के तहत केवल मई माह के दौरान जिले के विभिन्न थानों में वर्षों और कई मामलों में दशकों से लंबित पड़े कुल 1250 कांडों का चार्जशीट अथवा अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय में जमा कराया गया। एक ही माह में इतने बड़े पैमाने पर पुराने मामलों को न्यायालय भेजना धनबाद पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

इस अभियान की सबसे उल्लेखनीय बात यह रही कि न्यायालय में प्रस्तुत किए गए मामलों में कुछ कांड लगभग तीन दशक पुराने भी शामिल हैं। इनमें पुटकी थाना कांड संख्या 06/1998 तथा झरिया थाना कांड संख्या 86/1999 जैसे अत्यंत पुराने मामले भी शामिल हैं, जिनकी रिपोर्ट अब न्यायालय में प्रस्तुत कर दी गई है। इससे लंबे समय से लंबित पड़े मामलों को नई गति मिलने की उम्मीद जगी है।

एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि पुराने मामलों में चार्जशीट और अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय में जमा होने के बाद अब इन मामलों में सुनवाई और ट्रायल की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी। इससे न्यायिक प्रक्रिया में तेजी आएगी, लंबित मामलों का निष्पादन होगा तथा दोषियों के विरुद्ध सजा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी। उन्होंने कहा कि न्यायालय में समय पर चार्जशीट दाखिल होना न्याय दिलाने की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है और पुलिस इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि कई ऐसे मामले चिन्हित किए गए थे, जिनकी चार्जशीट विभिन्न कारणों से वर्षों तक लंबित रही। विशेष अभियान के माध्यम से ऐसे मामलों को प्राथमिकता देते हुए तेजी से न्यायालय भेजा गया है। मई माह में 1250 मामलों का चार्जशीट अथवा अंतिम प्रतिवेदन जमा होना इस अभियान की बड़ी सफलता है, जिससे न्यायालयों में इन मामलों की सुनवाई का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि यह विशेष अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा। आने वाले दिनों में जिले के अन्य पुराने एवं लंबित मामलों की भी समीक्षा की जाएगी और जिन मामलों में अब तक चार्जशीट अथवा अंतिम प्रतिवेदन समर्पित नहीं किया गया है, उन्हें आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शीघ्र न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। धनबाद पुलिस का उद्देश्य लंबित मामलों को कम करना, न्यायिक प्रक्रिया को गति देना तथा पीड़ित पक्ष को समयबद्ध न्याय सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News

Get top stories in your inbox daily.