विशाल मशाल जुलूस निकाल कर आजसू ने जताया विरोध, की सीबीआई जांच की मांग
धनबाद (झारखंड) : लोयाबाद थाना क्षेत्र अन्तर्गत 20 मई को घटित बांसजोड़ा हिंसक झड़प एवं गोलीकांड मामले में आजसू नेताओं व कार्यकर्ताओं को झूठे मुकदमें में फंसाने को लेकर गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लम्बोदर महतो के नेतृत्व में सोमवार को मटकुरिया चैक पोस्ट से लेकर बैंक मोड़ तक हजारों की संख्या में विशाल मशाल जुलूस निकाल कर विरोध जताया गया। जिसमें शामिल लोगों ने राज्य सरकार के खिलाफ एवं कोयला चोरी रोकने को लेकर जमकर नारेबाजी की। वहीं, जिला प्रशासन के खिलाफ भी आक्रोश जताया।
गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लम्बोदर महतो ने कहा कि आजसू नेताओं व कार्यकर्ताओं को झुठे मुकदमें में प्रशासन के द्वारा फंसाने का काम किया गया हैं। आजसू पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के प्रति एकजूट हैं और सच्चाई के पक्ष में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ खड़ी हैं। पूर्व विधायक ने घटना की सीबीआइ जांच की मांग की हैं एवं दोषियों को फांसी की सजा हो।
डॉ लम्बोदर महतो ने राज्य में आर्थिक संसाधन की लुट पर राज्य सरकार, बीसीसीएल और जिला प्रशासन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि लगातार राज्य की खनिज संपदा को लुटने का काम किया जा रहा हैं। जिसमें राज्य सरकार, बीसीसीएल प्रबंधन और जिला प्रशासन की मिलीभगत हैं।
आगे उन्होंने कहा कि किशुन रवानी के परिवार के सदस्यों का भी नार्को टेस्ट हो। जिससे स्पष्ट हो जाएगा कि षडयंत्र के तहत पीड़ित परिवार पर दबाव बना कर सच को दबाया जा रहा हैं। पार्टी सच के लिए अपने कार्यकर्ताओं, नेताओं एवं जनता के साथ सदैव खड़ी हैं और इसके लिए कोई भी लड़ाई लड़ने को तैयार हैं। आगामी 22 जून को जनाक्रोश रैली रखा गया हैं। जिसमें भारी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना हैं। मशाल जुलूस में हजारों की संख्या में आजसू नेता, कार्यकर्ता एवं लोग शामिल हुए।