उत्तराखंड ब्यूरो समाचार, गूलर में भीषण बस हादसा यात्रियों से भरी बस 100 मीटर गहरी खाई में गिरी 8 की मौत और अन्य 20 घायल।


टिहरी गढ़वाल उत्तराखंड के टिहरी जिले में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में अब तक आठ लोगों की मौके पर मौत हुई जबकि अन्य 20 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, बस हरिद्वार से बदरीनाथ धाम जा रही थी। मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे गूलर पुल के पास बस चालक अनियंत्रित हो गया अर्थात अपनी दिमांग खो बैठा जिसके बाद बस गड्ढे में जा गिरी। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
एसडीआरएफ और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही मुनिकीरेती थाना पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं। ब्यासी और ढालवाला पोस्ट से पहुंची एसडीआरएफ की टीमों ने गहरी खाई में उतरकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा गया।
मृतकों की संख्या बढ़कर आठ पहुंची
शुरुआती जानकारी में हादसे में चार लोगों की मौत की खबर सामने आई थी। बाद में यह संख्या छह और फिर बढ़कर आठ बताई गई। बस में करीब 30 से 35 यात्रियों के सवार होने की जानकारी सामने आई है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। फिलहाल राहत एवं बचाव अभियान जारी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरी संवेदना। घायलों को चिकित्सा उपचार एवं शीघ्र ही उनके स्वस्थ होने की प्रार्थना की जा रही है।