बेरमो एसडीपीओ रविंद्र कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता कर दी जानकारी
बोकारो (झारखंड) : बेरमो थाना क्षेत्र में एक चार माह की गर्भवती महिला (25) की कथित मारपीट के बाद मौत के मामले में पुलिस ने रविवार को कार्रवाई करते हुए छः आरोपियों को गिरफ्तार किया। घटना के बाद फुसरो में करीब 20 घंटे तक सड़क जाम रहा, जिसे पुलिस कार्रवाई के बाद रविवार सुबह हटाया लिया गया। साथ ही बंद का आह्वान भी वापस ले लिया गया।
अस्पताल में मृत घोषित हुई अनीता देवी
एसडीपीओ रविन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि मृतका अनीता देवी, 5 नंबर धौड़ा की रहने वाली थी। शनिवार को पड़ोसियों के बीच हुए विवाद के दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। परिजन उसे ढोरी स्थित रीजनल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामला दर्ज होते ही पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
मृतका के पति महेश भुइयां के आवेदन पर 30 मई को बेरमो थाना में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बबलु कुमार, सुरेंद्र भुइयां, विरेन्द्र कुमार भारती, राहुल दिगार, धिरेन भुइयां और राजेश कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। एसडीपीओ ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
शव को सड़क पर रखकर किया गया प्रदर्शन
घटना के बाद शनिवार को शव सड़क पर रखकर लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया, जिससे फुसरो में लंबा जाम लग गया। प्रशासन के आश्वासन और गिरफ्तारी उपरांत करीब 20 घंटे बाद जाम हटाया गया।
कोयला लाने गई थी महिला, मारपीट का आरोप
आरोप है कि अनीता देवी रेलवे साइडिंग के पास कोयला लेने गई थीं, इसी दौरान उनके साथ और एक अन्य महिला पूनम देवी के साथ मारपीट की गई। घटना के बाद आक्रोश बढ़ गया और पोस्टमार्टम प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए गए। इस बीच धनबाद सांसद ढुलू महतो और डुमरी विधायक जयराम महतो मौके पर पहुंचे और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की। साथ ही प्रशासन पर गंभीर आरोप भी लगाए गए।
गर्भ में बच्चे की भी मौत, परिवार पर टूटा दु:खों का पहाड़
परिजनों का कहना है कि अनीता देवी चार माह की गर्भवती थीं और उनकी मौत के साथ ही गर्भस्थ शिशु की भी मृत्यु हो गई। मृतका अपने पीछे चार साल की बेटी और डेढ़ साल के बेटे को छोड़ गई है, जिससे परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा है। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है और शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।