Updates
☀ WEATHER
Loading weather...

उपायुक्त की अध्यक्षता में प्रखंड कार्यालय गोविंदपुर में की गई विभिन्न योजनाओं की समीक्षा

Review of various schemes conducted in Block Office Govindpur under the chairmanship of Deputy Commissioner.

बैठक से पूर्व उपायुक्त के निर्देश पर जिला से 8 अलग – अलग टीमों ने प्रखंड स्तरीय विभिन्न योजनाओं का किया औचक निरीक्षण

कार्यों में शिथिलता बरतने वाले 2 पंचायत सचिव तथा बीपीओ गोविंदपुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश

कई निर्माण कार्य में अनियमितता तथा खराब गुणवत्ता के मामले में 3 कनीय अभियंता के वेतन रोकने के निर्देश

आंगनबाड़ी केंद्रों में अनियमितता पाए जाने पर महिला पर्यवेक्षिका का वेतन रोकने तथा सहराज के आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका-सहायिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्देश

स्वास्थ्य केंद्र की खराब स्थिति को देखते हुए सीएचओ बांधडीह के वेतन रोकने तथा भीतिया सीएचओ को नए भवन का हैंडओवर नहीं लेने पर स्पष्टीकरण का निर्देश

गड़बड़ी करने वाले सभी पीडीएस डीलरो पर कार्रवाई तथा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को स्पष्टीकरण करने का निर्देश

निर्माण कार्य में शिथिलता तथा खराब गुणवत्ता के मामले में संबंधित सभी कॉन्ट्रैक्टर को ब्लैकलिस्ट करने तथा भुगतान रोकने के निर्देश

धनबाद (झारखंड) : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में प्रखंड कार्यालय गोविंदपुर में प्रखंड स्तर पर चल रहे विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई।

समीक्षा से पूर्व उपायुक्त के निर्देश पर विभिन्न पंचायतों में जिला से 8 अलग – अलग टीमों ने योजनाओं की अद्यतन स्थिति, पंचायत कार्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र, पीडीएस दुकानों समेत अन्य का औचक निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के उपरांत तैयार किए गए रिपोर्ट के आधार पर उपायुक्त ने प्रखंड सभागार में सभी योजनाओं की समीक्षा की।

इस दौरान मुर्गाबनी पंचायत में सड़क निर्माण में खराब गुणवत्ता के मामले में संबंधित संवेदक तथा कनीय अभियंता को स्पष्टीकरण करने के निर्देश दिए गए। वहीं, इसी पंचायत में पीडीएस डीलरो द्वारा राशन कटौती करने, रेट चार्ट प्रकाशित नहीं करने, वजन मापी में अनियमितता से संबंधित मामले पाए गए जिसपर उपायुक्त ने संबंधित सभी पीडीएस डीलर पर कार्रवाई करने तथा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को स्पष्टीकरण करने के निर्देश दिए।

वहीं मुर्गाबनी पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्रों के रखरखाव में लापरवाही, पंजी संधारण मे लापरवाही समेत अन्य रिपोर्ट की समीक्षा कर उपायुक्त ने संबंधित महिला पर्यवेक्षिका का वेतन रोकने हेतु दिशा निर्देश दिए। साथ ही एचएससी स्वास्थ्य केंद्र निर्माण करने वाली कंपनी को समय पर कार्य पूरा न करने तथा गुणवत्ता में लापरवाही करने पर ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त द्वारा बांधडीह में स्वास्थ्य केंद्र की खराब स्थिति को देखते हुए सीएचओ बांधडीह के वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। उदयपुर पंचायत तथा जमडीहा  पंचायत कार्यालय में खराब व्यवस्था, कार्य में शिथिलता तथा रखरखाव में कमी को देखते हुए पंचायत सचिव को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए गए।

फुफुआडीह एवं सहराज में एचएससी स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण कार्य में खराब गुणवत्ता पाए जाने पर संबंधित कनीय अभियंता का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। वहीं भीतिया में स्पोर्ट्स स्टेडियम निर्माण कार्य में अनियमितता को देखते हुए संबंधित कनीय अभियंता का वेतन रोकते हुए विभागीय कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया। साथ हीं भीतिया सीएचओ को नए भवन का हैंडओवर नहीं लेने पर स्पष्टीकरण का निर्देश दिया गया। इसके अलावा गोविंदपुर प्रखंड के बीपीओ को कार्य में शिथिलता बरतने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा उपायुक्त आदित्य रंजन ने सभी जन कल्याणकारी योजनाओं के निर्माण कार्य में लगे कॉन्ट्रैक्टर जो कि समय सीमा में कार्य पूरा नहीं करते या खराब गुणवत्ता का निर्माण कर रहे वैसे सभी कंपनी को ब्लॉक लिस्ट कर भुगतान रोकने के निर्देश दिए।

उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की ढिलाई या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए। यदि किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी या भ्रष्टाचार की शिकायत मिलती है, तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

मौके पर उपायुक्त आदित्य रंजन, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, निदेशक डीआरडीबी राजीव रंजन, प्रखंड विकास पदाधिकारी जाहिर आलम समेत सीडीपीओ, पीओ मनरेगा समेत अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News

Get top stories in your inbox daily.