जामताड़ा ( Jharkhand ) : मोबाइल चोरी के बढ़ते मामलों पर लगाम लगाते हुए जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वसीम राजा ने शुक्रवार को कार्यालय कक्ष में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि जामताड़ा थाना में दर्ज मोबाइल चोरी कांड की जांच के लिए उनके नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। जांच के क्रम में टीम ने देवघर जिले के ताराजोरी गांव में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान 16 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में लिया गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग जगहों से कुल 10 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए। सभी फोन जब्त कर लिए गए हैं।
दीवार तोड़कर देता था चोरी को अंजाम
एसडीपीओ वसीम राजा ने बताया कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से वारदात करता था। वह रात के अंधेरे में दीवार तोड़कर घरों और दुकानों में घुसता और मोबाइल फोन चुरा लेता था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी अकेले काम नहीं करता।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है। एसडीपीओ ने बताया कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। इस कार्रवाई में जामताड़ा थाना पुलिस और तकनीकी शाखा की टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने मोबाइल फोन और कीमती सामान को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाना को दें।