नाला प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण, डीसी ने समयबद्ध सेवा और स्वच्छता पर दिया जोर
जामताड़ा (Jharkhand) : शनिवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने नाला प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डीसी ने कार्यालयों, कोषांगों और पूरे परिसर का दौरा किया। कर्मियों की उपस्थिति, पंजियों का संधारण, फाइलों का रखरखाव, स्वच्छता और कचरा प्रबंधन की स्थिति परखी। यत्र-तत्र बिखरे सामान और अनावश्यक संचिकाओं को व्यवस्थित करने का निर्देश दिया।
समय पर खुलें कार्यालय, बिना चक्कर लगे हो काम
डीसी आलोक कुमार ने बीडीओ को सख्त हिदायत दी कि प्रखंड सह अंचल के सभी कार्यालय समय से खुलें और अधिकारी-कर्मी समय पर उपस्थिति दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि दूरदराज के ग्रामीण रोज समस्याएं लेकर आते हैं। सभी की शिकायत सम्मानपूर्वक सुनकर नियम अनुसार त्वरित निपटारा करें। लोगों को बार-बार कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े, यह सुनिश्चित करें।
पंचायत सचिव और अन्य कर्मियों के बैठने का दिन तय कर उसे पंचायत भवन में प्रदर्शित करने का निर्देश दिया, ताकि ग्रामीणों को पंचायत स्तर पर ही काम हो जाए।
भवन मरम्मत और पेयजल पर फोकस
भवन में कई जगह सीलन और सीपेज देखकर डीसी ने बीडीओ से जानकारी ली और आवश्यक मरम्मत के लिए तुरंत पत्राचार करने को कहा। परिसर की नियमित साफ-सफाई और आम लोगों के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा
निरीक्षण के क्रम में डीसी ने प्रखंड में चल रही कल्याणकारी व विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ केवल योग्य और पात्र लाभुकों को ही मिले, इसमें कोई लापरवाही न हो।इस मौके पर नाला की प्रखंड विकास पदाधिकारी आकांक्षा कुमारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।