जामताड़ा (झारखण्ड) : जामताड़ा जिला के नाला क्षेत्र की होनहार बेटी देवांसी हेंब्रम ने अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भारत का मान बढ़ाया है। जामताड़ा जिला के कुंडहित प्रखंड निवासी देवांसी ने थाईलैंड में आयोजित इंटरनेशनल राइफल शूटिंग चैंपियनशिप 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर न केवल नाला क्षेत्र, बल्कि झारखंड और पूरे देश को गौरवान्वित किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के सम्मान में झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने गुरुवार को विधानसभा परिसर में देवांसी हेंब्रम को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया।
सम्मान समारोह के दौरान अध्यक्ष रवीन्द्रनाथ महतो ने कहा कि देवांसी ने अपने शानदार खेल प्रदर्शन से राइफल शूटिंग के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुआ है। यह उपलब्धि केवल झारखंड के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने देवांसी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आप इसी तरह अपने खेल से युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करती रहें और अंतरराष्ट्रीय पटल पर भारत का नाम रोशन करती रहें। गौरतलब है कि देवांसी हेंब्रम कुंडहित प्रखंड के एक छोटे से गांव से निकलकर विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली झारखंड की पहली महिला राइफल शूटर बन गई हैं। उनकी इस सफलता से पूरे संथाल परगना में उत्साह का माहौल है।