सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप, जामताड़ा में भाजपा का एकदिवसीय धरना प्रदर्शन।
जामताड़ा (झारखंड) : किसानों को ओलावृष्टि से हुए भारी नुकसान और हेमंत सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को जामताड़ा प्रखंड मुख्यालय में एकदिवसीय धरना दिया। धरने का नेतृत्व भाजपा नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत ने किया। प्रदर्शन के बाद मंडल अध्यक्षों के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को 13 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा।
सरकार हर मोर्चे पर विफल – सुमित शरण
धरने को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस सरकार में इतनी कमियां हैं कि आप कभी भी, कहीं भी धरने पर बैठ सकते हैं। आज हमारा मुख्य मुद्दा किसान हैं। जामताड़ा में अपराध बेकाबू है और जनता त्राहिमाम कर रही है। सरकार सबसे पहले अपराध पर लगाम लगाए।
किसानों की स्थिति पर उन्होंने कहा सरकार न तो एमएसपी दे रही है, न फसल नुकसान की भरपाई कर रही है और न ही बीमा राशि मिल रही है। झारखंड का किसान आज इतिहास के सबसे बुरे दौर से गुजर रहा है। संथाल परगना हो, कोल्हान हो या छोटानागपुर – हर जगह किसान परेशान है। इस राज में भय, भूख और भ्रष्टाचार चरम पर है।
सरकार बनी मूकदर्शक – भाजपा नेता
भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे ने कहा कि भीषण गर्मी में किसान खेतों में मेहनत कर रहे हैं। ओलावृष्टि से फसल बर्बाद हुई, लेकिन सरकार का रवैया नकारात्मक है। यह गंभीर सवाल खड़े करता है।
भाजपा नेता तरुण गुप्ता ने आरोप लगाया कि पूरे राज्य में विकास कार्य ठप हैं। सरकार ने किसानों से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज जब किसान कष्ट में है तो सरकार मूकदर्शक बनी तमाशा देख रही है। यह शर्मनाक है।
संतन मिश्रा ने चेतावनी दी कि अगर इस धरने के बाद भी सरकार नहीं चेती तो हम प्रखंड कार्यालय पर ताला जड़ देंगे। वहीं सुनील हांसदा ने कहा कि कहने को यह अबुआ सरकार है, लेकिन इसे अबुआ से नहीं, सिर्फ अपने परिवार से मतलब है।
चुनावी वादे भूली सरकार – प्रदीप राउत
नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत ने कहा कि बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई। चुनाव से पहले सरकार ने कहा था कि किसानों की हर दिक्कत में साथ देगी, लेकिन अब तक इस पर एक बैठक तक नहीं हुई। इसी के विरोध में आज यह एकदिवसीय धरना किया गया।
धरने का संचालन जिला उपाध्यक्ष सुकुमार सरखेल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मिहिजाम नगर अध्यक्ष लोकेश महतो ने दिया। इस मौके पर जिला महामंत्री कमलेश मंडल, महेंद्र मंडल, राजेंद्र राउत, जिला उपाध्यक्ष मोहन शर्मा, जिला मंत्री आभा आर्या, संजू देवी, चंदन राउत, रमेश पंडित, सुभोजीत मंडल, निर्मल सोरेन, गिरधारी मंडल, मुरारी भूषण सिंह, बंशीधर पांडेय, ब्रजेश राउत, प्रवीण मिश्रा समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।