जामताड़ा में पर्यावरण संरक्षण का संकल्प, भाजपा कार्यालय में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत
जामताड़ा (Jharkhand) : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जामताड़ा जिला इकाई के द्वारा जिला कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने किया। इस अवसर पर नवनियुक्त जिला प्रभारी प्रदीप साहू मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत फलदार वृक्ष लगाकर की गई। मौके पर जिला प्रभारी प्रदीप साहू ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाने का संकल्प लिया है। इसी कड़ी में जिला कार्यालय से इस अभियान की शुरुआत हुई है। पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना हर भारतीय का कर्तव्य है। हमें समय-समय पर वृक्ष लगाकर उनका संरक्षण भी करना चाहिए। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस पर नवनियुक्त जिला प्रभारी का कार्यालय में आगमन सुखद संयोग है। पर्यावरण के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता के तहत आज वृक्षारोपण किया गया। जिला कार्यालय के साथ-साथ सभी मंडलों और बूथ स्तर पर भी मंडल अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों द्वारा वृक्षारोपण किया जा रहा है। यह निरंतर चलने वाला अभियान है। जो कार्यकर्ता आज नहीं लगा पाए, वे कल लगाएंगे। हमारा उद्देश्य पर्यावरण को स्वच्छ और स्वस्थ रखना है।इसके अलावा नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने नगरवासियों को पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हमने ‘एक पेड़ मां के नाम, एक पेड़ बच्चों के नाम’ लगाने का संकल्प लिया है। एक पेड़ को बड़ा होने में 10 वर्ष लगते हैं, लेकिन कटने में सिर्फ 10 मिनट। इसी वजह से पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है। पेड़ लगाना ही पर्यावरण शुद्ध करने का सबसे बेहतर उपाय है। उन्होंने नागरिकों से प्लास्टिक का उपयोग न करने और अपने घर के पास कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाने की अपील की, ताकि शुद्ध हवा मिलती रहे।
इस अवसर पर जिला महामंत्री कमलेश मंडल, महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष बबीता झा, पूर्व जिलाध्यक्ष संतन मिश्रा, भाजपा नेता तरुण गुप्ता, सुनील हांसदा, राजेंद्र राउत, जिला उपाध्यक्ष सुकुमार सरखेल, मोहन शर्मा, सुजाता सिंह, जिला मंत्री आभा आर्या, कार्यालय मंत्री रमेश पंडित, नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत, अंजनी तिवारी, उदय मंडल, लखिन्द्र सिंह, ब्रजेश राउत, मिथुन गुप्ता, टिंकू साव, मिथिलेश बर्मन, सपन महतो सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।