बोकारो (झारखंड) : धनबाद में लोयाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत बांसजोड़ा हिंसक झड़प मामले में बोकारो परिसदन में आजसू पार्टी के केंद्रीय नेताओं ने प्रेस वार्ता की। जिसमें पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो, मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर एवं केंद्रीय महासचिव संजय मेहता ने पत्रकारों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेताओं पर जानलेवा हमले हुए तथा उन्हें ही झूठे मुकदमे में फंसाया जा रहा हैं।
पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि जानलेवा हमला करने वाले कोयला माफिया और अपराधियों को बचाने के लिए धनबाद पुलिस द्वारा आजसू नेताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं और गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। आजसू पार्टी ने घटना के उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग की हैं और मामले को मानवाधिकार आयोग तथा महिला आयोग के समक्ष उठाने की बात कही।
प्रेस वार्ता में केंद्रीय सचिव अजय सिंह, जिलाध्यक्ष सचिन महतो, कार्यकारी अध्यक्ष अशोक महतो एवं अन्य उपस्थित रहे।