फतेहपुर में ज्वेलर्स कारोबारी से पिस्तौल के बल पर लूट, बाजार में फैली दहशत।
जामताड़ा (Jharkhand ) : जामताड़ा जिला के फतेहपुर प्रखंड से शुक्रवार रात एक बड़ी आपराधिक घटना सामने आई है। फतेहपुर बाजार स्थित बर्मा ज्वेलर्स के संचालक अमरजीत बर्मा से अज्ञात बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, अमरजीत बर्मा रोज की तरह अपनी दुकान बंद कर रात करीब 8 बजे घर लौट रहे थे। इसी दौरान फतेहपुर बस स्टैंड स्थित बजरंगबली मंदिर के समीप दो बाइक पर सवार पांच अज्ञात अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर उनके पास मौजूद बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि बैग में सोना-चांदी के आभूषण रखे हुए थे। घटना के समय बाजार क्षेत्र में काफी चहल-पहल थी और आसपास कई दुकानें भी खुली हुई थीं। इसके बावजूद अपराधियों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया, जिससे पूरे बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। घटना की सूचना मिलते ही फतेहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। हालांकि, लूटे गए सामान की कीमत को लेकर अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी तथा बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।