जामताड़ा (झारखण्ड) : विश्व पर्यावरण दिवस को लेकर जामताड़ा नगर पंचायत ने कमर कस ली है। 5 जून को शहर को हरा-भरा बनाने के लिए 2000 पौधे लगाने का बड़ा लक्ष्य रखा गया है। इसी सिलसिले में बुधवार को नगर पंचायत कार्यालय में सामाजिक संगठनों और एनजीओ प्रतिनिधियों के साथ विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने की। बैठक में समाजसेवी व भाजपा नेता तरुण कुमार गुप्ता सहित दर्जनों संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। सर्वसम्मति से तय हुआ कि 5 जून को नगर क्षेत्र के स्कूलों, सार्वजनिक स्थलों और सड़क किनारों पर बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जाएगा। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण बचाने के लिए केवल पौधा रोपना काफी नहीं है। रोपे गए पौधों की देखभाल और संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। हर नागरिक को एक पेड़ का अभिभावक बनना होगा।वहीं समाजसेवी तरुण कुमार गुप्ता ने लोगों से ‘ग्रीन जामताड़ा’ अभियान को जन-आंदोलन बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति कम से कम एक पौधा लगाकर इस मुहिम से जुड़े। बैठक में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। पौधरोपण के साथ-साथ उनकी सुरक्षा के लिए ट्री-गार्ड लगाने और नियमित सिंचाई की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
नगर पंचायत की इस पहल से शहर में खासा उत्साह है। स्थानीय लोगों का मानना है कि प्रशासन और समाज के सामूहिक प्रयास से जामताड़ा जल्द ही हरा-भरा और स्वच्छ नजर आएगा।