उपायुक्त ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित जनता दरबार में सुनीं आमजनों की समस्याएं।
जिले के विभिन्न सुदूरवर्ती क्षेत्रों से आए 50 से अधिक फरियादियों ने उपायुक्त से लगाई गुहार।
जामताड़ा (झारखण्ड) : मंगलवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार द्वारा अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन कर आमजनों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना गया। आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्रों से आये करीब 50 से अधिक फरियादियों ने अपनी समस्याओं व शिकायतों को उपायुक्त के समक्ष रखा। जिसमें साप्ताहिक हटिया स्थल में अतिक्रमण, जमीन अतिक्रमण, मनरेगा के तहत मजदूरी भुगतान, सीनियर सिटीजन, रोजगार की मांग, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, भू अर्जन, आवास का दूसरा किस्त, लगातार आंगनवाड़ी बंद रहने, ग्राम प्रधान का मामला, चापाकल की समस्या, अंबेडकर आवास, भू अर्जन मुआवजा राशि, मईया सम्मान योजना की राशि, आपसी बंटवारा एवं अवैध कब्जा, सीएससी संचालक द्वारा अत्यधिक राशि की मांग, राशन कार्ड में नाम जोड़ने सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतों एवं समस्याओं को उपायुक्त द्वारा बारी – बारी से गंभीरता से सुना गया। साथ ही प्राप्त आवेदनों के निष्पादन हेतु संबंधित अधिकारियों को आवेदनो को अग्रसारित करते हुए एक सप्ताह के अंदर निष्पादित करने एवं उपायुक्त कार्यालय को अवगत कराने का निर्देश दिया गया। वहीं मौके पर कई शिकायतों को ऑन द स्पॉट निष्पादन किया गया।
जनता दरबार में नारायणपुर प्रखंड के पबिया में लगने वाले साप्ताहिक हटिया स्थल के अतिक्रमण एवं भूमि पर अवैध कब्जा की शिकायत ग्रामीणों के द्वारा की गई। साथ ही बताया गया कि पास में एक धार्मिक स्थल है, वहां बगल में मीट/मुर्गा का दुकान खोल दिया गया है, जिससे स्थल की शुचिता प्रभावित हो रही है। उपायुक्त ने मामले को संज्ञान में लेते हुए अंचल अधिकारी को जांच का निर्देश दिया। साथ ही ग्रामीणों को आश्वासन दिया गया कि प्रशासन द्वारा समुचित कार्रवाई की जाएगी।
रोजगार की तलाश में आई युवती को उपायुक्त ने दिया आश्वासन
जनता दरबार में नाला प्रखंड से अपनी मां के साथ स्नातक उत्तीर्ण पहाड़िया जनजाति की युवती ने बताया कि वे 4 भाई बहन हैं, एक बहन दिव्यांग है, घर चलाने के लिए रोजगार की मांग की। उपायुक्त ने उनसे स्वरोजगार के लिए पूछा, किंतु युवती ने कहा कि अगर उन्हें कोई जॉब मिल जाएगा तो परिवार का गुजारा हो जाएगा, उपायुक्त ने उन्हें आश्वस्त किया इस संदर्भ में समुचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं उन्होंने जिला नियोजन पदाधिकारी को आवश्यक दिशा दिशा निर्देश दिया।
विगत कई माह से आंगनवाड़ी केंद्र बंद रहने की शिकायत; उपायुक्त ने स्पष्टीकरण पूछने एवं सख्त कार्रवाई हेतु दिए निर्देश
जनता दरबार में नाला प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र सूर्यापानी के विगत कई महीनों से बंद रहने एवं बच्चों के पोषण एवं शिक्षा पर पर रहे असर को देखते हुए शिकायत की गई। उपायुक्त ने शिकायत पर तुरंत जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को बुलाकर वस्तुस्थिति से अवगत हुए, बताया गया कि उक्त आंगनवाड़ी सेविका से केंद्र के लगातार बंद रहने पर सीडीपीओ स्तर से स्पष्टीकरण पूछा गया है। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अगर उक्त सेविका कार्य करने में अक्षम है तो नियमानुसार उसे चयनमुक्त करने की कार्रवाई करते हुए साथ ही नए सिरे से सेविका की चयन करें।
जनता दरबार में नारायणपुर प्रखंड से आए एक फरियादी युवक ने बताया कि उन्हें जॉब के सिलसिले में ओबीसी सर्टिफिकेट की आवश्यकता है, जिसके ऑनलाइन आवेदन के लिए सीएससी संचालक के द्वारा तय दर से अधिक राशि की मांग की जा रही है। उपायुक्त ने युवक की शिकायत पर जांच के निर्देश दिए, साथ ही कहा कि कोई भी सीएससी संचालक अगर निर्धारित सेवा शुल्क से अधिक राशि की मांग करता है तो उस पर सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी। वहीं उपायुक्त ने युवक के ओबीसी सर्टिफिकेट के शीघ्र निर्गमन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
जनता दरबार में ऐसे कई मामले आए, जो अवैध कब्जा, भूमि विवाद अवैध कब्जा, मारपीट, पारिवारिक भूमि विवाद आदि से संबंधित थे, इसके अलावा अंबेडकर आवास देने, अबुआ आवास, मईया सम्मान योजना, पेयजल समस्या भू अर्जन के मामले, मुआवजा भुगतान, नोटिस नहीं मिलने, मुआवजा राशि अकेले भाई के द्वारा हड़प करने, पुनः मूल्यांकन की मांग, जर्जर स्कूल बिल्डिंग, सखी वन स्टॉप सेंटर में दिए गए वाहन एवं ईंधन का किराया नहीं मिलने सहित विभिन्न बिंदुओं पर यथोचित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित किया गया। इसके अलावा एक दिव्यांग बच्ची के दिव्यांगता प्रमाण पत्र के लिए उनके परिजनों ने गुहार लगाई, बताया कि बच्ची बोल नहीं पाती है, उपायुक्त ने उन्हें कैंप की तिथि के दिन सदर अस्पताल में जाने एवं उनके आवेदन को सिविल सर्जन को अग्रसारित कर समुचित दिशा निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त जनता दरबार में कई शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए उपायुक्त ने महत्वपूर्ण दिशा निर्देश दिए।उपायुक्त ने जनता दरबार के माध्यम से अधिकारियों को स्पष्ट रूप से दिशा निर्देश देते हुए कहा की आमजनों की समस्याओं के संदर्भ में लापरवाही एवं शिथिलता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे में अधिकारी सुनिश्चित करें कि उन्हें कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े, जो भी कार्य नियमनुसार किए जा सकते हैं, उसे बिना अनावश्यक विलंब के पूर्ण करें एवं प्रशासन की संवेदनशीलता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके। साथ ही जिले में पेयजल संबंधित जो भी समस्याएं आती हैं, उसका अविलंब यथोचित समाधान सुनिश्चित करेंगे। उल्लेखनीय है कि प्रत्येक मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 01 बजे तक आयोजित की जा रही है, उक्त अवधि में आकर आमजन अपनी शिकायत को उपायुक्त के समक्ष रख सकते हैं, प्राप्त शिकायतों व समस्याओं पर यथोचित समाधान किया जाएगा।