रेलवे कर्मचारी से लूटकांड का खुलासा, नाबालिग धराए, पिस्टल और बाइक व अन्य सामान बरामद।
जामताड़ा ( झारखण्ड ) : जामताड़ा जिला के मिहिजाम थाना क्षेत्र के ढेकीपाड़ा कब्रिस्तान के पास 3/4 मई की रात रेलवे कर्मचारी से चाकू की नोक पर हुई लूट की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। एसपी शम्भु कुमार सिंह के निर्देश पर गठित एसआईटी टीम ने छापेमारी कर एक नाबालिग को लोडेड देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। निशानदेही पर लूट में प्रयुक्त अपाची मोटरसाइकिल और दो मोबाइल भी बरामद किए गए हैं।
लूट की वारदात और एसआईटी का गठन
3/4 मई 2026 की रात करीब 12.30 बजे बाइक सवार तीन बदमाशों ने स्टेशन मास्टर काशीटांड मोहम्मद इरफान अंसारी को चाकू दिखाकर मोबाइल, पर्स और बैग लूट लिया था। इस मामले में मिहिजाम थाना कांड संख्या 28/2026 दर्ज हुआ। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह ने एसआईटी टीम का गठन किया।
छापेमारी में खुला राज
एसआईटी को 25 मई को सूचना मिली कि लूटकांड के आरोपी ग्राम शहरडाल में अगली वारदात की योजना बना रहे हैं। टीम ने त्वरित कार्रवाई कर गांव में छापेमारी की और एक विधि विवादित किशोर को घर से दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से 7.65 एम एम का एक लोडेड देशी पिस्टल मिला। इसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट में नया कांड संख्या 34/26 दर्ज किया गया।
पूछताछ में नाबालिग ने स्वीकार किया कि 3/4 मई की रात उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर ढेकीपाड़ा में रेलवे कर्मचारी से लूट की थी। उसने 11 मई को पश्चिम बंगाल के चित्तरंजन नॉर्थ में एक महिला से मोबाइल और पर्स छीनने की बात भी कबूली। निशानदेही पर दूसरे आरोपी संजीव मोहली के घर से लूटे गए वन प्लस नोर्ड सीई 2 और बीवो मोबाइल बरामद हुए। बैग को सुखे तालाब में जलाया गया था जिसके जले अवशेष मिले हैं। लूट में प्रयुक्त अपाची बाइक संख्या जेएच 21 आर 8697 भी पुलिस ने जब्त कर ली है।
बरामदगी और टीम
छापेमारी में एक देशी पिस्टल 7.65 एम एम, एक जिंदा गोली, दो स्मार्ट मोबाइल, अपाची बाइक और जले हुए बैग के अवशेष बरामद हुए हैं। एसआईटी टीम में पु.अ.नि. प्रदीप राणा, पु,अ.नि. तुषार कुमार सिंह, पु.अ.नि. अनिलसागर केरकेट्टा और म.अ.नि सृजन कुमार रवानी शामिल थे। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।