धनबाद में आजसू नेताओं एवं कार्यकर्ताओं पर हमला लोकतंत्र पर सीधा हमला हैं – अमित पाण्डेय
लातेहार (झारखंड) : धनबाद के लोयाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत बांसजोड़ा में हिंसक झड़प की घटना अब राजनीतिक रूप ले चुका हैं और यह मामला अब राज्यस्तरीय बनता जा रहा हैं। कारण आजसू पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं पर हुए हमले तथा महिला नेत्री रजनी रवानी की गिरफ्तारी के विरोध में राज्य के विभिन्न जिला मुख्यालयों में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा हैं। इसी क्रम में गुरुवार को आजसू पार्टी के द्वारा लातेहार समाहरणालय के मुख्य द्वार के सामने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया गया। कार्यक्रम में काफी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि झारखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है तथा माफिया और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
इस दौरान आजसू जिला अध्यक्ष अमित पांडेय ने कहा कि धनबाद में अवैध कोयला खनन, माफिया राज और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाले आजसू नेताओं एवं कार्यकर्ताओं पर हमला लोकतंत्र पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि सरकार की विफलता और प्रशासनिक ढिलाई के कारण राज्य में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी जनता की आवाज को दबाने की हर कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी तथा भ्रष्टाचार और माफिया राज के खिलाफ संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
युवा नेता मुकेश यादव ने कहा कि राज्य में बढ़ते अपराध, भ्रष्टाचार और माफिया तंत्र से आम जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस-माफिया गठजोड़ के कारण अपराधियों पर कार्रवाई नहीं हो रही है।आजसू पार्टी की मांग हैं कि लोयाबाद हमले में शामिल सभी दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी हो, मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए तथा आजसू नेत्री रजनी रवानी को तत्काल रिहा किया जाए। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने हेमंत तेरी मनमानी नहीं चलेगी, आजसू कार्यकर्ताओं को रिहा करो, भ्रष्टाचार और माफिया राज मुर्दाबाद, जनता की आवाज दबाना बंद करो और झारखंड को भयमुक्त एवं भ्रष्टाचारमुक्त बनाओ जैसे नारे लगाए।
इस मौके पर पार्टी के जिला अध्यक्ष अमित पाण्डेय, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रीमा देवी, जिला उपाध्यक्ष बिट्टू दास, गीता देवी, फुलकुमारी देवी, लवकुश यादव, ओबीसी मोर्चा सचिव विकाश कुमार, युवा प्रभारी मुकेश यादव, मणिका प्रखंड अध्यक्ष नंदन कुमार, प्रखंड अध्यक्ष अमर उरांव, नगर अध्यक्ष विकास साहू, श्रीकांत पासवान, नीरज कुमार, सुबोध कुमार, कमलदेव उरांव, प्रभास आनंद, नीरज यादव, प्रिंस दुबे सहित अन्य कार्यकर्ता – समर्थक उपस्थित रहें।