प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल पूर्ण होने पर जामताड़ा में माँ चंचला मंदिर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने की दीर्घायु की कामना
जामताड़ा (Jharkhand) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष प्रधानमंत्री पद पर पूर्ण होने और भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के ऐतिहासिक अवसर पर जामताड़ा में उल्लास का माहौल रहा। भाजपा नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत के नेतृत्व में जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र की कुलदेवी माँ चंचला मंदिर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विशेष पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री मोदी की दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की कामना की। इसी कड़ी में जामताड़ा व नाला विधानसभा क्षेत्र की कुलदेवी मंदिरों में भी हवन-पूजन का आयोजन किया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ा
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि यह पूरे देश के लिए गौरव का क्षण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने के रिकॉर्ड को तोड़कर नया इतिहास रच दिया है। विपक्ष लगातार मीडिया के माध्यम से उनके पद छोड़ने का झूठा प्रचार करता रहा, लेकिन आज जनता के विश्वास ने सबको जवाब दे दिया है।
24 घंटे देश सेवा की प्रार्थना
इस दौरान नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत ने कहा कि देश के सबसे लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर सभी कार्यकर्ताओं ने माँ चंचला से प्रार्थना की कि वे प्रधानमंत्री को स्वस्थ रखें, ताकि वे 24 घंटे राष्ट्रसेवा कर देश के विकास की रफ्तार को और तेज कर सकें।
भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे ने कहा कि आज पूरे देश में भाजपा कार्यकर्ता मंदिरों में जाकर हवन-पूजन और आरती कर रहे हैं। जामताड़ा की कुलदेवी माँ चंचला से भी कामना की गई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को और शक्ति मिले, जिससे वे भारत को विश्वगुरु बनाने के संकल्प को पूरा कर सकें। इस पूजा में जिला महामंत्री अभय सिंह, कमलेश मंडल, भाजपा नेता दुबराज मंडल, सुनील हांसदा, राजेंद्र राउत, बालमुकुंद दास, जिला उपाध्यक्ष मोहन शर्मा, जिला मंत्री आभा आर्या, पिंटू गुप्ता, राम रतन मंडल, प्रवीण मिश्रा, लोकेश महतो, सुबोजीत मंडल, रमेश राउत, लखिन्द्र सिंह, रथु दास, ज्योति देवी, वंशीधर पांडेय, राकेश रवानी, ब्रजेश राउत, सपन महतो, मिथुन गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।