जामताड़ा पुलिस की बड़ी कामयाबी : एपीके ठगी करने वाले 3 शातिर साइबर अपराधी गिरफ्तार, 7 मोबाइल-9 सिम बरामद
जामताड़ा (Jharkhand) : साइबर ठगी के गढ़ के रूप में कुख्यात जामताड़ा में पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। एपीके फाइल भेजकर देशभर के लोगों को ठगने वाले गिरोह के तीन शातिर साइबर अपराधियों को पुलिस ने धर-दबोचा है। छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से 7 मोबाइल फोन और 9 सक्रिय सिम कार्ड भी बरामद किए गए हैं। जामताड़ा एसपी शंभू कुमार सिंह ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस कार्रवाई का खुलासा किया। एसपी ने बताया कि साइबर डीएसपी अमित रविदास और साइबर थाना प्रभारी राजेश कुमार मंडल के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम को मिली गुप्त सूचना के आधार पर करमाटांड़ थाना क्षेत्र के तेतुलबंधा गांव के पास झाड़ियों में छिपकर ठगी कर रहे आरोपियों पर छापा मारा गया।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे लोगों को लालच देकर उनके मोबाइल पर एपीके फाइल भेजते थे। जैसे ही कोई उस लिंक को डाउनलोड करता, आरोपी मोबाइल का पूरा एक्सेस ले लेते और बैंक खाते खाली कर देते। इसी तरीके से वे देश के कई राज्यों के लोगों को अपना शिकार बना चुके थे। एसपी शंभू कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। साथ ही बरामद मोबाइल और सिम की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है ताकि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।
इस साल 75 साइबर अपराधी जेल भेजे गए
एसपी ने बताया कि जामताड़ा पुलिस साइबर अपराध पर लगातार शिकंजा कस रही है। इसी साल अब तक जिले से 75 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस आम लोगों से भी अपील कर रही है कि किसी भी अनजान नंबर से आई एपीके फाइल, लिंक या ऐप को डाउनलोड न करें। संदेह होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।