धनबाद के सोनारडीह में कोयला तस्करों ने की फायरिंग-बमबारी, पुलिस गश्ती दल के वाहन को किया क्षतिग्रस्त
धनबाद (झारखंड) : सोनारडीह ओपी क्षेत्र के बहियारडीह में अवैध कोयला तस्करों ने फायरिंग-बमबारी कर क्षेत्र में दहशत फैला दिया। घटना की सूचना पर बरोरा और सोनारडीह पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कोयला तस्करों ने पुलिस वालों से राइफल छीनने का प्रयास किया एवं पुलिस गश्ती दल के वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। लगभग सैकड़ों की संख्या में कोयला तस्कर मौजूद रहें। जिसे देख पुलिस के भी होश उड़ गए।
कोयला तस्करों ने घर-दुकान पर की फायरिंग और तोड़फोड़
कोयला तस्करों ने शंकर साव के घर और दुकान पर फायरिंग एवं तोड़फोड़ किया। उनके घर पर कई गोलियां चलाई। जबकि, दुकान को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। बाइक, सीसीटीवी कैमरा, टीवी, फ्रिज सहित अन्य सामान की तोड़ – फोड़ हुई। घटना लगभग सुबह 8 बजे की बताई जा रही है। शंकर की पत्नी रूबी देवी ने रोते हुए बताया कि कोयला तस्कर लगभग 100 से अधिक की संख्या में थे। जिन्होंने गोली चलाई, बम भी फोड़ें और लोगों के साथ मारपीट कर घायल किया। उनके अनुसार घर के लाखों का सामान को नुकसान हुआ हैं। इस घटना से पूरे बहियारडीह क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

कोयला तस्करी के विरोध में ग्रामीणों ने किया हंगामा
अवैध कोयला तस्करी और बम-गोली चलाने के विरोध में स्थानीय ग्रामीण सोनारडीह ओपी पहुंचे एवं आक्रोश जताया। इस क्रम में ग्रामीण महिलाओं ने फोरलेन सड़क को जाम करने का प्रयास भी किया। लेकिन, पुलिस ने लाठीचार्ज कर ग्रामीणों को भगा दिया।
बंद जोरिया को खोलने का प्रयास किया तो कोयला तस्करों ने किया हमला
ग्रामीणों के अनुसार काफी समय से बहियारडीह के बंद खदान से प्रतिदिन ट्रकों के जरिए अवैध कोयले की निकासी होती थी। जिसके लिए जोरिया को बंद कर दिया गया और इसके कारण हजारों घरों में पानी का संकट उत्पन्न हुआ। समस्या को लेकर ग्रामीणों ने कई बार धरना, प्रदर्शन और सड़क जाम भी किया। हाल ही में सीआईएसएफ ने कार्रवाई करते हुए लगभग 40 टन कोयला जब्त किया था। पर जोरिया को नहीं खोला गया। जल समस्या के निदान के लिए ही ग्रामीण मंगलवार को सैकड़ों की संख्या में खदान के पास पहुंच जोरिया को खोलने का प्रयास किया।
इस दौरान कोयला तस्करों ने ग्रामीणों पर हमला किया। गोलीबारी, बमबाजी और पत्थरबाजी कर कई लोगों को घायल कर दिया।