धनबाद (झारखंड) : धनबाद क्रिकेट एसोसिएशन (डीसीए) की ओर से गुरुवार को धनबाद क्लब के फिएस्टा हॉल में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव में विजयी अधिवक्ता प्रयाग महतो एवं जितेंद्र कुमार के साथ-साथ अधिवक्ता सह डीसीए अध्यक्ष मनोज कुमार को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अधिवक्ताओं, खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं गणमान्य लोगों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डीसीए अध्यक्ष मनोज कुमार ने की, जबकि संचालन इस्तियाक अहमद ने किया। समारोह की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुई। विजयी अधिवक्ताओं प्रयाग महतो और जितेंद्र कुमार को शॉल ओढ़ाकर, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद दोनों अधिवक्ताओं ने इसे अपने जीवन का यादगार क्षण बताते हुए डीसीए के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डीसीए अध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि धनबाद क्रिकेट एसोसिएशन खिलाड़ियों के हितों के लिए सदैव खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी पूरी मेहनत और लगन से खेलें, क्योंकि अच्छा प्रदर्शन करने वालों को कोई भी नजरअंदाज नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि डीसीए का स्वर्ण जयंती वर्ष यादगार बनाया जाएगा तथा जिले के उन सभी पूर्व खिलाड़ियों को सम्मानित कर संगठन से जोड़ा जाएगा, जिन्होंने राज्य स्तर पर धनबाद का प्रतिनिधित्व कर जिले का नाम रोशन किया है।
मनोज कुमार ने क्रिकेट के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह खेल अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करता है। उन्होंने अपनी सफलता और पहचान का श्रेय डीसीए के पदाधिकारियों, सदस्यों, वरिष्ठ खिलाड़ियों एवं शुभचिंतकों को दिया। उनके संबोधन के दौरान पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
समारोह में साधु सिंह, डॉ. हरेंद्र सिंह, डॉ. चंदन, डॉ. नीतू सहाय, प्रमोद गोयल, अशोक चौरसिया, जे.के. नैयर, संजय मोरे, संजीव झा, विनय कुमार सिंह,इम्तियाज हुसैन, श्रीराम दुबे, राजेश कुमार, दीपक कुमार, इंद्रजीत सिंह, मनोज सिंह, संजय यादव, जितेन्द्र कुमार सिंह,असित सहाय, दीपक रूइया, संजीव राणा, दिवेन तिवारी, जावेद खान, एस.एन. सिंह, लड्डू बाबू, ललित जगनानी, सुधीर कुमार पांडेय, उत्तम विश्वास, रत्नेश सिंह, अनवर सिद्दीकी, जयप्रकाश सिंह एवं मनीष कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहें।
वक्ताओं ने कहा कि खेल और विधि जगत से जुड़े लोगों का सम्मान समाज में सकारात्मक संदेश देता है तथा युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान करता है। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।