जामताड़ा ( Jharkhand ) : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर जिले में लगातार अवैध खनन एवं परिवहन गतिविधियों पर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को खान निरीक्षक, जामताड़ा अकलेश कुमार के नेतृत्व में नाला थाना क्षेत्र में औचक छापेमारी करते हुए 03 अवैध बालू लदे ट्रैक्टरों को जब्त करते हुए अग्रेतर कार्रवाई हेतु नाला थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है। इसके अलावा बिंदापाथर थाना क्षेत्र से स्टोन चिप्स लदे 01 ट्रैक्टर को जब्त किया गया है एवं नियमानुसार अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। उपायुक्त आलोक कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन, जामताड़ा अवैध खनन को रोकने के लिए प्रतिबद्ध है, जिले में अवैध खनन, उत्खनन परिवहन, भंडारण आदि से संबंधित जो भी मामले संज्ञान में आ रहे हैं, उसके विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध खनन में शामिल किसी भी दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा एवं सख्त दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिला खनन कार्यालय एवं सभी थाना को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई हेतु समुचित दिशा निर्देश दिया गया है।