जामताड़ा (झारखण्ड) : ईद-उल-जुहा 2026 को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जामताड़ा पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह ने नारायणपुर और करमाटांड़ थाना क्षेत्रों के संवेदनशील इलाकों का औचक निरीक्षण किया।
एसपी ने नारायणपुर, मुरलीपहाड़ी टीओपी, कमलपुरा, लखनुडीह, कोरीडीह-02 समेत करमाटांड़ थाना क्षेत्र के कई संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान मुरलीपहाड़ी टीओपी में उपलब्ध बल, संसाधन और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर पुलिसकर्मियों को सघन गश्ती, वाहन चेकिंग और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने का आदेश दिया। टीओपी में अतिरिक्त बल भेजने के निर्देश भी दिए गए। करमाटांड़ थाना में थाना प्रभारी व अन्य पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विधि-व्यवस्था पर मंथन किया। थाना परिसर को स्वच्छ रखने, शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और पर्व के दौरान चौकसी बढ़ाने को कहा।
निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ वसीम रजा, पु.नि रविन्द्र नाथ यादव, थाना प्रभारी मुराद हसन व विकास कुमार तिवारी मौजूद रहे। एसपी ने स्पष्ट किया कि सभी संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। असामाजिक तत्वों व अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की निगरानी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। एसपी शम्भु कुमार सिंह ने सभी पदाधिकारियों को हिदायत दी कि बकरीद के दिन हर जवान समय पर अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर मुस्तैद रहे। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। त्योहार को शांति और भाईचारे के साथ संपन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।