बकरीद पर शांति-सौहार्द बनाए रखने को लेकर नाला थाना में हुई शांति समिति की बैठक।
जामताड़ा (झारखण्ड) : आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से नाला थाना परिसर में शुक्रवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी विकास कुमार यादव ने की।
इस दौरान थाना प्रभारी विकास कुमार यादव ने कहा कि ईद-उल-जोहा त्याग, प्रेम और भाईचारे का प्रतीक है। इसे शांतिपूर्ण माहौल में मनाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रशासन ने पर्व को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।
थाना प्रभारी ने लोगों से सोशल मीडिया के सावधानीपूर्वक उपयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि भड़काऊ संदेश, अफवाह या आपत्तिजनक पोस्ट को न तो शेयर करें और न ही उन पर ध्यान दें। वर्तमान समय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से भी भ्रामक सामग्री तेजी से फैलाई जा सकती है, इसलिए हर जानकारी की पुष्टि जरूरी है। साथ ही उन्होंने प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न करने की भी सख्त हिदायत दी।
थाना प्रभारी विकास कुमार यादव ने बताया कि बकरीद के दौरान कास्ता, सुल्तानपुर, चिचुड़बील, खैरा, शहरजोड़िया, बामूनडीहा, टेसजुड़िया समेत प्रखंड के सभी गांवों की मस्जिदों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। प्रशासन की ओर से लोगों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा ताकि पर्व शांतिपूर्वक संपन्न हो। बैठक में उपप्रमुख समर माजी, पंचायत समिति सदस्य गुलशन अली, मुखिया अजित मुर्मू, भास्कर घोष, गुणधर मंडल, सलीम जहांगीर, पूर्ण चंद्र मंडल, शिबू सिंह, सेख मुश्ताक समेत विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोग एवं शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे। सभी ने पर्व को आपसी भाईचारे के साथ मनाने पर सहमति जताई।मौके पर एसआई शोभनाथ यादव, एसआई सरोज मंडल, एसआई सोहागिनी सोरेन, एएसआई निताई कुमार दास, एएसआई चंदन कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी भी उपस्थित रहें।