जामताड़ा (झारखण्ड) : शुक्रवार को ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के सीएमडी सतीश झा ने नाला प्रखंड अंतर्गत कास्ता क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित कोयला गैसीफिकेशन प्लांट स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में सीएमडी झा ने प्लांट से जुड़े तकनीकी पहलुओं, भूमि की स्थिति और आधारभूत संरचना की समीक्षा की। उन्होंने परियोजना से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
मौके पर उपस्थित ग्रामीणों से संवाद करते हुए सीएमडी ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने ग्रामीणों से परियोजना के कार्य में सहयोग और समन्वय स्थापित करने की अपील की। सतीश झा ने स्पष्ट किया कि कंपनी ग्रामीणों के हितों का पूरा ध्यान रखेगी और सभी कार्यों में पारदर्शिता बरती जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्थानीय लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाए।इस मौके पर एएसआई संजय गहलोत पुलिस बल के साथ उनके सहयोग में थे तथा ईसीएल के कई वरीय अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहें।