Updates
☀ WEATHER
Loading weather...

कलश यात्रा के साथ महाशक्ति महायज्ञ का शुभारंभ

Commencement of the Mahashakti Mahayagya with a Kalash Yatra.

दलाबड़ गांव में 1001 कन्याओं के द्वारा कलश यात्रा के साथ श्री श्री 1008 महाशक्ति महायज्ञ का हुआ भव्य शुभारंभ

जामताड़ा (Jharkhand) : जामताड़ा जिला अंतर्गत नाला प्रखंड क्षेत्र के दलाबड़ गांव स्थित काली मंदिर परिसर गुरुवार की सुबह से ही भक्तिमय हो उठा। आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला जब महाशक्ति महायज्ञ का भव्य कलश यात्रा के साथ विधिवत शुभारंभ हुआ।

1001 कन्याओं ने सिर पर धारण किए कलश

सुबह तड़के से ही श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर परिसर की ओर उमड़ पड़ी। आयोजन का मुख्य आकर्षण रही 1001 कुमारी कन्याओं की शोभायात्रा। केसरिया वस्त्र धारण कर सिर पर मंगल कलश लेकर कन्याएं सबसे आगे चल रही थीं। कुरुली नदी के तट से कलश यात्रा शुरू हुई। बनारस से पधारे पंडित नरेंद्र पाठक और पंडित मनोज पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कराई और श्रद्धालुओं ने नदी से पवित्र जल भरकर कलशों को सजाया गया। इस दौरान मुख्य यजमान के रूप में मुकेश झां अपने सपत्नीक उपस्थित रहे।

जयकारों से गूंजा पूरा मार्ग

ढोल-नगाड़ों की थाप, शंख ध्वनि और भक्ति गीतों के बीच कलश यात्रा कुरुली नदी से यज्ञ स्थल पहुंची। पूरे रास्ते में ‘जय श्री राम’, ‘हर हर महादेव’, ‘राधे-राधे’ और ‘हरि नाम’ के जयकारों से माहौल गुंजायमान रहा। मार्ग में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर कलशधारिणी कन्याओं और श्रद्धालुओं का स्वागत किया, जिससे भक्ति का रंग और गहरा हो गया।

9 दिनों तक चलेगा महायज्ञ

यज्ञ स्थल पहुंचने पर वैदिक मंत्रोच्चार, विधिवत पूजा-अर्चना और हवन के साथ महायज्ञ का शुभारंभ किया गया। यह आयोजन प्रखंड यज्ञ समिति नाला दलाबड़ के तत्वावधान में किया जा रहा है। समिति के अनुसार यह महायज्ञ लगातार 9 दिनों तक चलेगा। प्रतिदिन हवन-पूजन के साथ भक्तिमय कार्यक्रम होंगे।

भागवत कथा, यात्रा और मेले का भी आयोजन

यज्ञ के साथ-साथ 7 दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का भी आयोजन किया गया है। जहाँ वृंदावन के राधाकुंड से पधारे कथावाचक हिरन्मय गोस्वामी महाराज प्रतिदिन शाम 7 बजे से भागवत पाठ सुनाएंगे। आयोजन को और भव्य बनाने के लिए 18 जून को कोलकाता के प्रसिद्ध बंगाली यात्रापाला और 19 जून को ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम रखा गया है। यज्ञ मैदान में विशाल मेला भी लगाया गया है, जहां बच्चों के झूले-खिलौने से लेकर खाने-पीने की सभी सामग्रियां उपलब्ध हैं। मैदान के समीप विभिन्न देवी-देवताओं की मनोहारी मूर्तियां स्थापित की गई हैं, एवं मेले में मौत का कुआं, भूत बांगला, रेलगाड़ी, ब्रेक डांस लगाया गया है जो लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

क्या कहते जनप्रतिनिधि

इस संबंध में जानकारी देते यज्ञ कमिटी के अध्यक्ष समर माजी ने कहा कि नाला के दलाबड़ मैदान में 9 दिवसीय महाशक्ति महायज्ञ, भागवत कथा तथा मेले का आयोजन किया गया है, जिसका प्रारंभ आज कलश यात्रा के साथ किया गया। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील किया कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में इस धार्मिक अनुष्ठान में सम्मिलित हो और भागवत कथा का श्रवण करें और मेले का आनंद उठाए।

इस दौरान समाजसेवी माधवचंद्र महतो ने कहा कि आज महाशक्ति महायज्ञ को लेकर कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ो कन्यांए एवं महिला शामिल हुई। इस तरह का धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन करना बहुत ही गर्व का बात है, यह सनातनियों के हित के लिए बहुत ही अहम कदम है।

मौके पर समाजसेवी मनोज गोस्वामी ने कहा कि आज के इस कलश यात्रा में सैकड़ो माताओं एवं बहनें शामिल हुई, सभी को धन्यवाद देता हूं एवं इस तरह के धार्मिक आयोजन के लिए में कमेटी को सहृदय धन्यवाद देता हूं। इससे क्षेत्र में वातावरण शुद्ध होगा तथा लोगों को मनोरंजन का अवसर भी मिलेगा। उन्होंने लोगों से अपील किया कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में श्रद्धालु इस महायज्ञ में भाग ले एवं इसका आनंद उठाए।

प्रशासन और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

इस भव्य आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन मुस्तैद रही। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। इस अवसर पर यज्ञ कमेटी के अध्यक्ष समर माजी, सचिव गणेश चंद्र मित्र, सहसचिव पंकज झा, धरम माजि, कोषाध्यक्ष चंद्रमोहन घोष, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी मिलन कुमार घोष, एसडीपीओ किशोर तिर्की, नाला थाना प्रभारी विकास कुमार यादव, एएसआई चंदन कुमार सिंह के अलावा प्रसेनजीत घोष, दयामय मंडल, निमाई घोष, काशीनाथ मंडल, जितेन माजि, निर्मल मंडल, वृंदावन घोष, लक्ष्मण माजी, गौरी शंकर सिंह, दुलाल मंडल, लालटू घोष, सुशील घोष, मुनमुन चौहान, दिलीप मंडल, राजीव घोष, कृष्णकांत घोष, कैलाश मंडल, नदिया घोष सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। पूरे दलाबड़ गांव का वातावरण 9 दिनों तक भक्तिमय रहने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News

Get top stories in your inbox daily.