Updates
☀ WEATHER
Loading weather...

पुटकी के प्रभारी प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी

Show-cause notice issued to the Headmaster-in-charge of Putki.

राजकीय मध्य विद्यालय, पुटकी के प्रभारी प्रधानाध्यापक से 24 घंटे में मांगा स्पष्टीकरण

धनबाद : विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर 2026) के कार्यों में लापरवाही बरतने और निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में धनबाद प्रशासन द्वारा सख्त रुख अपनाया गया है। निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने राजकीय मध्य विद्यालय, पुटकी के प्रभारी प्रधानाध्यापक भागीरथ कुमार को कारण बताओ नोटिस (स्पष्टीकरण) जारी किया है।

अनुमंडल दंडाधिकारी ने बताया कि मतदान केंद्र संख्या-409 (मध्य विद्यालय पुटकी नया भवन पूर्वी भाग) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय का मुख्य गेट पूरी तरह से बंद पाया गया।

बताया कि जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देशानुसार सभी ऐसे विद्यालय भवनों के गेट खुले रखने के स्पष्ट आदेश दिए गए हैं, जहाँ मतदान केंद्र अवस्थित हैं, ताकि बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) वहाँ बैठक कर एसआइआर 2026 से जुड़े निर्वाचन कार्यों का निष्पादन सुचारू रूप से कर सकें।

उन्होंने बताया कि गेट बंद होने के कारण मतदान केंद्र संख्या-409 की बीएलओ को मजबूरन पास के ही उच्च विद्यालय, पुटकी में बैठकर अपना कार्य करना पड़ रहा था। इस अव्यवस्था के कारण उक्त मतदान केंद्र के क्षेत्र में आने वाले मतदाताओं को भी अपने काम कराने में काफी कठिनाइयों और परेशानियों का सामना करना पड़ा।

अनुमंडल दंडाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन कार्य में इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए प्रशासन ने प्रभारी प्रधानाध्यापक से पत्र प्राप्ति के 24 घंटे के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। उनसे पूछा गया है कि किन परिस्थितियों में उनके द्वारा निर्वाचन जैसे राष्ट्रीय और महत्वपूर्ण कार्य में बाधा उत्पन्न की गई? निर्धारित समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में, उनके इस कृत्य की रिपोर्ट जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त को भेजते हुए उनके विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News

Get top stories in your inbox daily.