जामताड़ा में एसपी की मासिक अपराध गोष्ठी : महिला-साइबर अपराध और फरार आरोपियों पर कसा शिकंजा
जामताड़ा ( Jharkhand ) : जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को और मजबूत करने के मकसद से मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने की। कार्यक्रम में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी तथा जिला पुलिस की विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी मौजूद रहे।
घटित कांडों की हुई बारीक समीक्षा
बैठक में जिले में घटित आपराधिक घटनाओं का थाना-वार ब्योरा पेश किया गया। लंबित कांडों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को त्वरित निष्पादन का कड़ा निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पीड़ित को न्याय समय पर मिले, यही पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। इस दौरान एसपी ने बताया कि महिला एवं बच्चों से जुड़े मामलों में त्वरित, संवेदनशील और पीड़ित केंद्रित कार्रवाई सुनिश्चित करें। शिकायत मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू हो। साइबर अपराधियों की पहचान, तकनीकी अनुसंधान और गिरफ्तारी में और तेजी लाई जाए। आम लोगों को साइबर ठगी से बचाव के लिए जागरूक भी किया जाए। फरार और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। फरार अभियुक्तों की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई प्राथमिकता से हो। यातायात नियमों के सख्त अनुपालन और जन-जागरूकता अभियान पर फोकस रहे। स्कूल-कॉलेज और बाजारों में हेलमेट-सीटबेल्ट की जांच बढ़ाई जाए। सभी लंबित वारंटों का शत-प्रतिशत निष्पादन तय समयसीमा में पूरा किया जाए। इसके लिए अलग से मॉनिटरिंग की जाएगी। आम लोगों से बेहतर संवाद स्थापित करें। थाना में आने वाले फरियादियों की समस्या संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर सुलझाई जाए।
एसपी शम्भू कुमार सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित गश्ती करने और असामाजिक व आपराधिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रात-गश्ती और चेकिंग से ही अपराधियों में भय पैदा होगा। गोष्ठी के अंत में एसपी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने और अपराध मुक्त जामताड़ा बनाने का संकल्प दोहराने को कहा।