जामताड़ा में जनता दरबार की पहल : दिव्यांग युवक का आधार ऑन स्पॉट बना, डीसी ने दी व्हील चेयर
जामताड़ा (Jharkhand) : मंगलवार को समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार एक बार फिर जरूरतमंदों के लिए संजीवनी बना। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर सदर प्रखंड के गोपालपुर पंचायत निवासी दिव्यांग युवक परिमल मिर्धा का आधार नामांकन मौके पर पूरा कराया गया। साथ ही उन्हें चलने-फिरने के लिए व्हील चेयर भी उपलब्ध कराई गई।
रामबारी गांव के परिमल मिर्धा न बोल पाते हैं, न चल पाते हैं। सामाजिक सुरक्षा पेंशन तो मिल रही थी, पर बायोमैट्रिक न होने से आधार नहीं बन पा रहा था। आधार के अभाव में पेंशन की निकासी भी रुक गई थी। आर्थिक तंगी के बीच व्हील चेयर न होने से घर से निकलना भी मुश्किल था। मंगलवार को परिमल अपने परिजन और पंचायत के मुखिया के साथ जनता दरबार पहुंचे और डीसी के सामने अपनी व्यथा रखी।
डीसी ने लिया तुरंत एक्शन
मामले की गंभीरता समझते ही उपायुक्त श्री आलोक कुमार ने यूआईडीएआई के डीपीओ को बुलाया। निर्देश दिया कि युवक का आधार नामांकन अविलंब किया जाए। शारीरिक स्थिति को देखते हुए तत्काल व्हील चेयर देने का भी आदेश दिया।
मौके पर हुआ समाधान
डीसी के आदेश के बाद परिमल का आधार एनरॉलमेंट ऑन स्पॉट पूरा हुआ। इसके बाद उपायुक्त ने अपने कार्यालय कक्ष से व्हील चेयर निकालकर परिमल को सौंपी। समस्या चंद मिनटों में हल होते देख परिमल, उनके परिजन और जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन और सरकार का आभार जताया।
हर मंगलवार लगने वाला जनता दरबार अब आमलोगों की आवाज का सबसे तेज मंच बन चुका है। संवेदनशील पहल से लोगों का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो रहा है। उपायुक्त लगातार शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई कर जरूरतमंदों तक राहत पहुंचा रहे हैं।उपायुक्त जामताड़ा ने बताया कि जनता दरबार में आने वाले हर फरियादी की समस्या को प्राथमिकता से सुना जा रहा है।