Updates
☀ WEATHER
Loading weather...

नाला में आम महोत्सव की धूम

Mango Festival creates a buzz in Nala

नाला में आम महोत्सव की धूम : महिलाओं के उत्पाद बने आकर्षण, बागवानी और आत्मनिर्भरता को मिला बल

जामताड़ा (Jharkhand) : नाला प्रखंड परिसर में शुक्रवार को बिरसा हरित ग्राम योजना मनरेगा के तहत एक दिवसीय ‘आम महोत्सव सह बिक्री-सह-प्रदर्शन’ का आयोजन किया गया। ग्रामीण महिलाओं के हाथों बने उत्पादों ने पूरे परिसर को महका दिया। मकसद साफ था, महिला शक्ति को सम्मान, किसानों को बाजार और बागवानी को नई पहचान। प्रखंड विकास पदाधिकारी आकांक्षा कुमारी ने उप प्रमुख समर माजी, डीपीएम राहुल रंजन, बीपीएम गणेश महतो और सहायक अभियंता निखिल चंद्र साह के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। महिला मंडल की सदस्यों ने अतिथियों को प्राकृतिक टोपी पहनाकर और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।

‘पलाश’ ब्रांड बना चर्चा का केंद्र

मेले में लगे दर्जनों स्टॉलों में सखी मंडल की महिलाओं द्वारा ‘पलाश’ ब्रांड के तहत लगाए गए स्टॉल सबसे ज्यादा आकर्षित कर रहे थे। आम से बने अचार, चटनी, पन्ना, पापड़ के साथ हाथ से बनी टोपी और अन्य उत्पादों को देखकर अधिकारी और ग्रामीण दोनों ने सराहना की। अधिकारियों ने स्टॉल का अवलोकन कर महिलाओं के हुनर की तारीफ की और उन्हें आगे बढ़ने का हौसला दिया। बीडीओ आकांक्षा कुमारी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण किसानों को सीधे बाजार से जोड़ना और उनकी आमदनी बढ़ाना है। बागवानी को बढ़ावा देने और महिला किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए चल रही योजनाओं की जानकारी भी उन्होंने दी। डीपीएम राहुल रंजन ने कहा कि ऐसे आयोजन न सिर्फ महिलाओं को उद्यमिता की राह दिखाते हैं, बल्कि स्थानीय उत्पादों को जिला से बाहर पहचान भी दिलाते हैं। प्रशासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों की अच्छी भीड़ जुटी। मंच संचालन अपर्णा पाल ने किया। मौके पर डीईओ राजीव कुमार, कनीय अभियंता कुंदन कुमार, ब्लॉक एडमिन कृष्ण गोपाल पाल, सीसी रविंद्र यादव, सीसी शिशिर माजी, धर्मेंद्र कुमार, पीआरपी राजेश रंजन, वीरेंद्र किस्कु, अमित कुमार, लक्ष्मी कुमारी, सुलेखा मंडल, राधिका मंडल,राधारानी चक्रवर्ती सहित प्रखंड व अंचल कार्यालय के पदाधिकारी, कर्मी और बड़ी संख्या में सखी मंडल की महिलाएं मौजूद थीं।महिलाओं की मेहनत ने साबित कर दिया कि गांव की मिट्टी में न सिर्फ आम पकते हैं, बल्कि आत्मनिर्भरता के बीज भी यहीं पनपते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News

Get top stories in your inbox daily.