Updates
☀ WEATHER
Loading weather...

श्रद्धालु का खोया बैग रुद्रप्रयाग पुलिस ने ढूंढकर लौटाया, श्रद्धालु ने जताया आभार।

Rudraprayag Police found and returned the lost bag of a devotee of Andhra Pradesh on the Kedarnath Yatra route, the devotee expressed gratitude.

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर आंध्र प्रदेश के श्रद्धालु का खोया बैग रुद्रप्रयाग पुलिस ने ढूंढकर लौटाया, श्रद्धालु ने जताया आभार।

रुद्रप्रयाग (उत्तराखंड) : केदारनाथ धाम यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुगम और श्रद्धालुओं के लिये सुखद बनाने के संकल्प के साथ जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस निरंतर सेवा भाव से कार्य कर रही है। इसी क्रम में यात्रा मार्ग पर तैनात पुलिस जवानों ने एक बार फिर त्वरित कार्यवाही और ईमानदारी का परिचय देते हुये श्रद्धालु का खोया हुआ कीमती सामान सकुशल वापस लौटाया। विशाखापट्टनम, आंध्र प्रदेश से केदारनाथ के दर्शन हेतु आये श्रद्धालु जगतनाथ राव जब यात्रा मार्ग पर जा रहे थे, तभी जंगल चट्टी के समीप घोड़े से चलते समय उनका एक बैग अचानक कहीं गिर गया। उक्त बैग में श्रद्धालु का एक कीमती मोबाइल फोन और 10,000 रुपए नकद धनराशि मौजूद थी, काफी खोजबीन के बाद भी बैग न मिलने पर परेशान श्रद्धालु द्वारा इसकी सूचना तत्काल यात्रा मार्ग पर स्थित पुलिस चौकी जंगल चट्टी को दी गयी। श्रद्धालु की समस्या को गंभीरता से लेते हुए चौकी जंगल चट्टी पर तैनात अपर उपनिरीक्षक राकेश कुमार एवं होमगार्ड जवान ओमप्रकाश द्वारा बिना समय गंवाये तत्काल खोजबीन अभियान शुरू किया गया। पुलिस टीम द्वारा संभावित स्थानों और यात्रा मार्ग पर सघन चेकिंग की गई, जवानों की कड़ी मशक्कत और अथक प्रयासों के फलस्वरूप उक्त गुमशुदा बैग को सकुशल ढूंढ निकाला गया, पुलिस टीम द्वारा बैग के वास्तविक स्वामी जगतनाथ राव को चौकी पर आमंत्रित कर पूरे सम्मान के साथ उनका कीमती मोबाइल फोन और 10,000 रुपए की नकद धनराशि सकुशल सुपुर्द की गई। ​अपना खोया हुआ सामान और नकदी वापस पाकर श्रद्धालु भावुक हो उठे। उन्होंने रुद्रप्रयाग पुलिस की त्वरित कार्यप्रणाली, मुस्तैदी और जवानों की ईमानदारी की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा सहृदय आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News

Get top stories in your inbox daily.