Updates
☀ WEATHER
Loading weather...

ड्रोन-बेस्ड टेक्नोलॉजी से मापी जाएगी ओवर बर्डन की जमीन

Over burden land will be measured with drone-based technology

आरसीडी की सड़क पर एफसीआई द्वारा टोल लेने पर जताया कड़ा विरोध

धनबाद (झारखंड) : झारखंड विधानसभा की विशेष समिति (प्रश्न एवं ध्यानाकर्षण) ने दूसरे दिन सर्किट हाउस में सभापति सह टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो की अध्यक्षता में तथा समिति के सदस्य सह सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो, निरसा विधायक अरूप चटर्जी, चंद्रनकियारी विधायक उमाकांत रजक, तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया तथा उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की उपस्थिति में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड, एफसीआई, मैथन पावर लिमिटेड, टाटा कोलियरी, हर्ल सहित अन्य उपक्रमों व विभाग की समीक्षा की।

इस क्रम में समिति ने बीसीसीएल के एरिया 9, 10 व 11 में सरकारी, फॉरेस्ट एवं रैयतों की जमीन पर डंप ओवर बर्डन की मापी कराने पर विस्तृत चर्चा की। चर्चा के बाद उपायुक्त के प्रस्ताव पर ड्रोन-बेस्ड टेक्नोलॉजी से मापी कराने का निर्णय लिया गया। उपायुक्त ने कहा कि ड्रोन-बेस्ड टेक्नोलॉजी से हाई-डेंसिटी 3डी डेटा और इमेज कैप्चर करके जमीन को मापने से बहुत सटीक डिजिटल टेरेन मॉडल और टोपोग्राफिकल मैप बनाया जा सकता है। इसके लिए आईआईटी आईएसएम से वार्ता कर इस कार्य को गति प्रदान की जाएगी। बीसीसीएल ने भी सरकारी, फॉरेस्ट या रैयतों की जमीन पर डंप किया गया ओवर बर्डन का भुगतान करने की सहमति जताई।

समिति ने मैथन पावर लिमिटेड द्वारा निरसा में तथा टाटा कोलियरी द्वारा सिजुआ व भेलाटांड में बिना अनुमति उपयोग की गई सरकारी जमीन की मापी कराने का भी निर्देश दिया।

बैठक में सिंदरी विधायक ने एफसीआई द्वारा आरसीडी की सड़क पर चेकपोस्ट लगाकर टोल लेने का कड़ा विरोध किया। उन्होंने कहा कि गोविंदपुर-बलियापुर-सिंदरी रोड के खालसा मोर से आरएमके-4 (4.462 किमी) तथा सिंदरी के एसएल-2 से हटिया (शहरपूरा) रोड (2.837 किमी) में आरसीडी की सड़क पर एफसीआई हर वाहन से टोल लेता है। समिति ने एफसीआई द्वारा आरसीडी की सड़क पर किस आधार पर टोल वसूला जाता है, की विस्तृत जांच करने का निर्देश दिया।

समिति ने अपर समाहर्ता, डीएलएओ व डीसीएलआर कोर्ट में चल रहे भूमि संबंधित लंबित मामलों का जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया। साथ में रैयतों की पारिवारिक सूची या वंशावली के आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने, एमपीएल को बकाया मुआवजा की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

बैठक शुरू होने से पूर्व उपायुक्त ने सभापति एवं समिति के सभी सदस्यों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। वहीं बैठक के समापन पर धन्यवाद ज्ञापन करते हुए उपायुक्त ने कहा कि भूमि संबंधित अधिकतर मामलों का निष्पादन हो गया है। शेष मामलों के शीघ्र निष्पादन की प्रक्रिया सभी विभागों द्वारा जारी है।

बैठक में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, अपर समाहर्ता विनोद कुमार, खनन पदाधिकारी रितेश राज तिग्गा, डीएलएओ राम नारायण खालको, डीएसपी हेडक्वार्टर 1 कुमार विनोद, बीसीसीएल के निदेशक तकनीकी संचालन संजय कुमार सिंह के अलावा विभिन्न विभाग के पदाधिकारी, मैथन पावर लिमिटेड, टाटा, हर्ल, एफसीआई के प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News

Get top stories in your inbox daily.