जामताड़ा पुलिस ने की साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, 3 शातिर अपराधी गिरफ्तार
जामताड़ा (Jharkhand) : साइबर अपराध के लिए देशभर में चर्चित जामताड़ा में पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में छापेमारी कर तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधी बैंक ग्राहकों को झांसे में लेकर ई-वॉलेट के माध्यम से उनके खातों से पैसे उड़ाने का काम करते थे। इस कार्रवाई की जानकारी साइबर डीएसपी अमित रविदास ने प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल एवं पुलिस अवर निरीक्षक चन्द्रमणि भारती के नेतृत्व में गठित टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के पिण्डारी, सकलपुर एवं तिलैया (केन्दुआटांड़) गांवों में एक साथ छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पिण्डारी दास टोला निवासी प्रीतम दास (25 वर्ष), विनोद दास (23 वर्ष) तथा बरमुण्डी निवासी मो. तुफान उर्फ तुफान अंसारी (28 वर्ष) को साइबर अपराध करते हुए गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से ठगी में प्रयुक्त 10 मोबाइल फोन और 10 सिम कार्ड बरामद किए हैं। जब्त किए गए उपकरणों की तकनीकी जांच की जा रही है, जिससे इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों तक पहुंचा जा सके।
डीएसपी अमित रविदास ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी खुद को एचडीएफसी बैंक, एसबीआई एवं अन्य बैंकों का अधिकारी बताकर ग्राहकों को फोन करते थे। वे लोगों को क्रेडिट या डेबिट कार्ड बंद होने, केवाईसी अपडेट करने अथवा नया कार्ड सक्रिय कराने का झांसा देते थे। जैसे ही ग्राहक उनकी बातों में आकर बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करता था, अपराधी ई-वॉलेट और अन्य डिजिटल माध्यमों से उसके खाते से पैसे निकाल लेते थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इन अपराधियों का नेटवर्क केवल झारखंड तक सीमित नहीं था, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों के लोगों को निशाना बनाया जाता था।
इस मामले में साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 31/26, 30 मई 2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार तीनों अपराधियों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए जेल भेज दिया गया है।
इस सफल अभियान में थाना प्रभारी राजेश मंडल, चन्द्रमणि भारती, बिनोद कुमार सिंह, हीरालाल महतो सहित साइबर थाना एवं आईआरबी के पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने कहा कि साइबर अपराध के खिलाफ जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आम लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति को फोन पर ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम कार्ड, सीवीवी नंबर या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी साइबर थाना को दें। जामताड़ा पुलिस की इस कार्रवाई को साइबर अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है।