धनबाद (झारखंड) : धनबाद जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन द्वारा आयोजित चयन प्रक्रिया के उपरांत धनबाद पब्लिक स्कूल, गोविंदपुर रोड, धनबाद के 12 खिलाड़ियों का चयन 26वीं सब-जूनियर झारखंड राज्य बास्केटबॉल चैम्पियनशिप-2026 के लिए किया गया है। यह प्रतियोगिता 04 से 06 जून 2026 तक पाकुड़, झारखंड में आयोजित होगी। चयनित खिलाड़ी धनबाद जिला टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी, धनबाद ने सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का चयन उनकी मेहनत, अनुशासन एवं खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है तथा उन्हें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में धनबाद जिले का नाम गौरवान्वित करने का अवसर प्राप्त हुआ है।
धनबाद जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी सभी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं प्रदान कीं तथा प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। जिला खेल विभाग, धनबाद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाएगी।
टीम के साथ जिला कोच एवं मैनेजर के रूप में आर्यन एंथोनी एवं संजय गोराई खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगे। चयनित खिलाड़ियों के अभिभावकों एवं विद्यालय प्रबंधन को भी खिलाड़ियों की उपलब्धि पर बधाई दी गई।